Thursday, October 22nd, 2026

हमीदिया में अगले महीने से वीक में 1 दिन चलेगा किडनी ट्रांसप्लांट क्लीनिक

भोपाल
हमीदिया अस्पताल में इस साल अप्रैल से किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा शुरू हो जाएगी। इसके लिए यहां पर 30 लाख रुपये से उपकरणों की खरीदी की जा रही है। यह उपकरण किडनी निकालने और लगाने के काम आएंगे। यह प्रदेश का पहला सरकारी किडनी ट्रांसप्लांट सेंटर होगा। इससे पूरे प्रदेश के लोगों को फायदा मिलेगा। अभी लोगों का ट्रांसप्लांट के लिए एम्स, दिल्ली या फिर निजी अस्पतालों में जाना पड़ रहा था। एम्स, भोपाल में भी अभी ट्रांसप्लांट की सुविधा नहीं है। हमीदिया अस्पताल के मेडिसिन विभाग में हफ्ते में एक दिन किडनी ट्रासंप्लांट क्लीनिक चलाया जाएगा।

यहां सिर्फ ट्रासंप्लांट कराने व दानदाताओं की जांच व इलाज किया जाएगा। ब्रेन डेड मरीजों से अंगदान की प्रतीक्षा सूची भी इस क्लीनिक में आने वाले मरीजों से तैयार की जाएगी।

कार्डियो थोरेसिक वस्कुलर सर्जरी (सीटीवीएस) विभाग के आॅपरेशन थियेटर में किडनी ट्रांसप्लांट किया जाएगा। दो हजार बिस्तर का अस्पताल शुरू होने के बाद नए मॉड्युलर ओटी में ट्रांसप्लांट होंगे। बता दें कि पिछले साल दिसंबर में किडनी ट्रांसप्लांट के लिए हमीदिया अस्पताल को स्टेट आॅर्गन एवं टिश्यू ट्रांसप्लांट आर्गनाइजेशन (सोटो) से मान्यता मिली थी। हमीदिया अस्पताल के अधीक्षक डा.एके चौरसिया के अनुसार यहां पर  जीवित (लाइव) किडनी ट्रांसप्लांट के अलावा ब्रेन डेड व्यक्ति से दान में मिली किडनी भी निकालने और ट्रांसप्लांट करने की सुविधा होगी।

आयुष्मान भारत योजना के तहत किडनी ट्रांसप्लांट का पैकेज 4.60 लाख रुपये है। आयुष्मान योजना के तहत मरीजों का इसी पैकेज पर नि:शुल्क इलाज किया जाएगा। बाकी मरीजों का खर्च इससे कुछ ज्यादा हो सकता है। दरअसल, कुछ मरीजों की जांचें ज्यादा करानी होती हैं।   निजी अस्पतालों में 8 से 10 लाख रुपये किडनी ट्रांसप्लांट कराने पर लगते हैं जो  पांच लाख तक ही सिमट जाएंगे। 

 

#हमीदिया#किडनी ट्रांसप्लांट

Source : Agency

पाठको की राय